पहली घटना में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोम लॉजिस्टिक सोल्यूशन कंपनी के पांच कर्मचारियों की बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि दूसरी दूसरी सड़क दुर्घटना डीएलएफ फेस वन क्षेत्र के अंतर्गत हुई। इसमें रेस्तरां के चार कर्मचारी को बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक कार ने कुचल दिया। हादसे में चारों की मौत हो गई।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम में दो अलग-अलग सड़क हादसों में नौ लोगों की जान चली गई। पहली घटना में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोम लॉजिस्टिक सोल्यूशन कंपनी के पांच कर्मचारियों की बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सभी कर्मचारी कंपनी के एडमिन की कार में सवार होकर दोस्त की बर्थ डे पार्टी मनाने के बाद खाना खाने जा रहे थे। दूसरी घटना डीएलएफ फेस वन क्षेत्र में गोल्फ कोर्स रोड पर हुई। स्कोडा कार चालक ने रेस्तरां बंद कर लौट रहे दो बाइक पर सवार चार कर्मचारियों को टक्कर मार दी। जिससे चारों की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को अदालत में पेश करते हुए जेल भेज दिया।
विज्ञापन
कैंटर में घुसी कार और उड़ गए परखच्चे
बिलासपुर के थाना प्रभारी के अनुसार सोम लॉजिस्टिक सोल्यूशन कंपनी में काम करने वाले चंद्रमोहन (25) निवासी हिसार मैनेजर के पद पर काम करते थे। बुधवार को उनका जन्मदिन था। भारत भूषण (28) निवासी पंजाबी बाग दिल्ली, प्रवीण (25) निवासी देवरिया, आशीष (25) निवासी अलीगढ़ उनके जन्मदिन में शामिल होने के लिए कमरे पर गए थे। जहां पर केक काटने के बाद सभी साथी आशीष की कार से बिलासपुर की ओर एक ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे उनकी कार बिनौला के पास सामने चल रहे कैंटर में घुस गई। कार की गति इतनी तेज थी कि वह हादसे के बाद पूरी तरह से चिपटी हो गई। कार में सवार सभी लोगों की मौके पर मौत हो गई।
कार चालक ने चार बाइक सवारों को कुचला
दूसरी सड़क दुर्घटना डीएलएफ फेस वन क्षेत्र के अंतर्गत हुई। जहां एक रेस्तरां के चार कर्मचारी बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे रेस्तरां बंद करके दो बाइक से अपने चक्करपुर स्थित कमरे पर जा रहे थे। इसी बीच सिकंदरपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कोडा कार ने टक्कर मार दी। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चारों की मौत हो गई। इनकी पहचान डिलीवरी बॉय गोविंद प्रताप (28) निवासी दमोह (मध्य प्रदेश), हेड कुक जितेंद्र मंडल (35) निवासी सीतामढ़ी (बिहार), सफाई कर्मी रजनीश कुमार मंडल (27) निवासी सीतामढ़ी और वेटर गोपाल सिंह (26) निवासी नैनीताल (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। डीएलएफ फेस वन थाना पुलिस ने रेस्तरां मालिक के बयान पर स्कोडा कार चालक हर्ष सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।