घरों से कीमती सामान चुराने के मामले तो पुलिस के पास खूब आते है लेकिन पहली बार घर से ब्रेड-बटर और खाने-पीने का सामान चोरी करने का मामला गुरुग्राम पुलिस के पास आया है। एक नौकरानी ने अपने दो बच्चों की भूख मिटाने के लिए अपने मालिक से घर से कई दिन तक ब्रेड-बटर और खाने-पीने की चोरी की, लेकिन जब इसकी जानकारी घर के मालकिन को लगी तो पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के सामान के आधार पर नौकरानी के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
साइबर सिटी की पॉश सोसायटी निर्वाणा कंट्री के स्पेस ब्लॉक में रहने वाले रितेश भार्गव के घर पर 15 दिन पहले काम वाली बाई नरगिस को रखा था। मंगलवार की शाम उनकी पत्नी को संदेह हुआ कि उनके घर में रखे खाने-पीने का सामान चोरी हो रहा है। उनकी पत्नी ने संदेह के आधार पर जब नरगिस के पर्स की जांच की तो नौकरानी के पर्स में उसे मूंगफली का तेल, सूजी, ब्रेड, टोस्ट, बटर जैसा सामान बरामद हुआ।
महिला ने इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को बुलाकर नौकरानी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह पिछले कई दिनों से उनके घर से खाने-पीने का सामान चोरी कर रही थी। उसने बताया कि उनके घर पर ब्रेड-बटर काफी रहता था, इसलिए वह सबसे ज्यादा वही चोरी करती थी। भार्गव दंपत्ति ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर सेक्टर-50 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, नौकरानी ने पूछताछ में बताया कि जब वह काम करके घर पर लौटती थी तो उसके बच्चे भूखे रहते थे। इसकी वजह से वह कुछ ब्रेड-बटर और अन्य खाने की चीजें ले जाती थी। बच्चों को ब्रेड-बटर का स्वाद अच्छा लगता था, लेकिन हर रोज खरीद कर खिलाने की हैसियत नहीं थी। मजबूरी में चोरी करती थी। भार्गव ने बताया कि कुछ दिनों पहले उनके घर से गहने भी चोरी हुए थे, हमें आशंका है कि गहनों की चोरी की वारदात नरगिस ने ही अंजाम दी थी। इस पूरे मामले के बाद सेक्टर-50 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।