गुरुग्राम। थाना सदर क्षेत्र के सेक्टर-47 में एक पश्चिम बंगाल की महिला की हत्या कर उसका शव आशियाना फ्लैट्स परिसर में फेंक दिया गया। हत्या पांच छह दिन पहले की गई है। पु लिस को महिला के पति पर हत्या किए जाने का शक है। पति वारदात के बाद से ही फरार चल रहा है। महिला का शव रविवार को आशियाना फ्लैट्स की एक सूखी पड़ी पानी के टैंक में पाया गया । शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रविवार को फ्लैट्स में सफाई करने आए एक कर्मी ने बदबू के अहसास के बाद यहां टैंक के खुले हुए ढक्कन में झांका तो उसकी नजर शव पर पड़ी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। जांच करने पर पता चला है कि एक सप्ताह पहले हत्या कर शव को टैंक में डाल दिया गया था। वारदात के बाद से ही महिला का पश्चिम बंगाल निवासी पति सेक्टर-47 के अपने किराए के कमरे से फरार है। पुलिस को उसी पर हत्या का शक है।
वर्षों से जर्जर और वीरान पड़े आशियाना फ्लैट्स में विगत एक माह से साफ-सफाई काम चल रहे हैं। रविवार को जब सफाई कर्मी यहां घास, झाड़ी आदि को काट रहे थे तो उन्हें बदबू महसूस हुई। एक कर्मी ने यहां सूखे पड़े आठ फीट गहरे पानी के टैंक के खुले हुए उपरी ढक्कन से झांका तो टैंक में एक शव पड़ा दिखाई दिया। कर्मी ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी।
मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।शुरूआती जांच में पता चला कि बरामद शव करीब 24वर्षीय महिला निर्मला का है। करीब एक सप्ताह पूर्व उसकी हत्या की गई है। वह सेक्टर-47 मेें एक मकान में किराए पर रहती थी। वारदात के बाद से उसका पति जनरूल निवासी उत्तर दीनापुर, पश्चिम बंगाल फरार है। पुलिस को उसी पर हत्या का शक है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने किराए के मकान में भी मौके पर जाकर जांच की है।
थाना सदर एसएचओ दिनेश कुमार ने बताया कि बरामद हुआ युवती का शव एक सप्ताह पुराना लग रहा है। शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान भी नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद सारी वारदात का खुलासा हो सकेगा।
..................................................