सफाई में लापरवाही पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही,
निगम आयुक्त ने संयुक्त आयुक्त के साथ सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने बुधवार को संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार के साथ निगम क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की सफाई, कचरा उठाने और प्रदूषण रोकने के इंतजामों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। आयुक्त ने निर्देश दिए कि कूड़ा उठाते समय हर घर के रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टैग को रोजाना स्कैन करना अनिवार्य होगा। इससे कूड़ा उठान की सही निगरानी हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एनएच-48 की सर्विस लेन और डिवाइडर पर जमा धूल-मिट्टी को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को नियमित सफाई और डीप क्लीनिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही सर्विस लेन पर होटल और ढाबों के पास बने अवैध कटों को बंद करने को कहा। कट बंद नहीं होने की स्थिति में दोनों तरफ ग्रिल लगाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने पटौदी रोड की सर्विस लेन पर पड़े निर्माण और तोड़फोड़ के मलबे (सीएंडडी वेस्ट) को तुरंत हटाने को कहा। वहीं, गांव कांकरौला से आईएमटी को जोड़ने वाली सड़क के किनारे पड़े मलबे और ग्रीन बेल्ट की हालत सुधारने के निर्देश एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को दिए। इसके अलावा वार्ड-20 के गांव नवादा फतेहपुर में घरों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था भी जांची।