गुरुग्राम। नगर निगम वजीराबाद में मलबा निस्तारण प्लांट स्थापित करेगा। करीब सात करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्लांट में शहर से एकत्र किए जाने वाले मलबे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इससे शहर में जगह-जगह लगने वाले मलबे के ढेर से निजात मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष शहर में बेतरतीब तरीके से फेंके जा रहे मलबे का मुद्दा उठाया गया। इस दौरान बताया गया कि निर्माण कार्यों और भवनों की तोड़फोड़ से निकलने वाला मलबा अक्सर सड़कों के किनारे, खाली प्लॉटों और सार्वजनिक जगहों पर डाल दिया जाता है। ऐसे में नगर निगम की ओर से वजीराबाद में प्लांट स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। नगर निगम आयुक्त डाॅ. पंकज यादव का कहना है कि इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ब्यूरो