गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे किनारे शंकर चौक पर रोडरेज का मामला सामने आया है। इनोवा कार सवार आरोपियों ने एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन में रांग साइड चलने पर एक कार चालक ने विरोध जताया तो उससे ही बदसलूकी करने लगे। चालक उनसे बचने के लिए कार भगाई तो उसकी ओवरटेक कर आरोपियों ने रुकवाया। फिर पिस्तौल दिखा जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत दिल्ली हौजखास निवासी जय आनंत ने दी है। उनका कहना है कि सोमवार दोपहर करीब 3 बजे शंकर चौक के किनारे सर्विस लेन पर उनके साथ वारदात की। शिकायतकर्ता कार लेकर नेशनल मीडिया सेंटर से निकले और वन-वे सर्विस लेन में इनोवा कार रांग साइड से आई। इसका विरोध जताया और कहा कि आप गलत दिशा में जा रहे हैं जो गलत है। लेकिन कार सवार आरोपी गालियां देने लगे। आरोपियों से बचने के लिए अपनी कार भगा ली। लेकिन करीब 200 मीटर बाद ही एंबियंस आईलैंड सर्विस लेन की निकासी के पास आरोपियों ने कार का पीछा कर ओवरटेक करते हुए रुकवा लिया। फिर 3 आरोपी बाहर आए। आरोप है कि इनमें से दो के पास पिस्तौल थी और 1 ने गोली मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि वह इस एरिया के चौधरी हैं। बचने के लिए मौका पाकर वह वहां से निकल गए। पुलिस को शिकायत देकर संदेह जताया है कि आरोपी शायद नशे की हालत में थे और वह कुछ भी कर सकते थे। कार चालक ने आरोपियों की गन दिखाते हुए फोटो भी पुलिस को दी है।