फोटो..
आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 क्षेत्र में मामी से प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने अपने मामा को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद मृतक के शव को कॉलोनी में ही फेंक दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस हरकत में आई और वारदात को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सेक्टर-10 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बसई एंक्लेव पार्ट-2 में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई जो डोमेस्टिक हेल्पर का काम करता था। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक मुकेश की पत्नी सीमा और भांजे शेखर को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यूपी के कन्नौज निवासी 40 वर्षीय मुकेश पत्नी 35 वर्षीया सीमा के साथ बसई एंक्लेव में किराए पर रहता था। वहीं राजस्थान के धौलपुर निवासी 25 वर्षीय शेखर भी उनके समीप ही किराए पर रहता था। वह मुकेश का भांजा था और यहां टैक्सी चलाता था। शेखर का मुकेश के यहां आना जाना लगा रहता था। इसी दौरान उसके मुकेश की पत्नी के साथ अवैध संबंध बन गए। मुकेश को जब इस बारे में पता चला तो वह अपनी पत्नी को गांव छोड़ आया। इसके बाद आरोपी शेखर ने मुकेश की पत्नी सीमा के साथ मिलकर मुकेश को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या करने की योजना बनाई। बुधवार को आरोपी शेखर ने मौका पाकर मुकेश की गला घोंटकर हत्या कर दी।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए डीसीपी वेस्ट करण गोयल के निर्देशानुसार एसीपी वेस्ट शिव अर्चन की देखरेख में सेक्टर-10 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप की टीम ने आरोपित महिला सीमा व शेखर को काबू कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपी शिखर का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।