गुरुग्राम। तापमान गिरने के साथ ही डेंगू भी नियंत्रण में आने लगा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 63 संदिग्ध मरीजों की जांच के बाद मंगलवार को जिला में डेंगू के दो मरीज ही सामने आए। जिसके बाद यह संख्या बढ़कर 293 हो गई है। वहीं, विशेषज्ञों का दावा है कि जैसे-जैसे तापमान में गिरावट आएगी, डेंगू खत्म हो जाएगा। अधिकतम 25 नवंबर तक या इस महीने के अंत तक डेंगू को लेकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होगी। हालांकि डेंगू से अभी तक कोई अनहोनी नहीं हुई।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुधा गर्ग के अनुसार डेंगू अब खात्मे पर हैं। अक्तूबर के अंत तक जहां जिले में प्रतिदिन डेंगू के सात से आठ मरीज मिल रहे थे, वहीं इनकी संख्या नवंबर में दिवाली के बाद से ही लगातार घट रही है। पिछले कई दिनों से मरीजों की संख्या में दो या तीन की ही बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि 25 तारीख के बाद मरीजों की संख्या एकदम नगण्य हो जाएगी। निजी अस्पतालों से मिल रही जानकारी के अनुसार 50 फीसदी तक मरीज रह गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। जब तक डेंगू पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता, हमें सतर्क रहना होगा। वहीं, अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से 5113 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई है, जिनमें से कुल 293 मरीज ही मिले हैं। दूसरी ओर मरीज घटने के साथ ही सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल में बनाए गए डेंगू वार्ड में भी मरीजों की संख्या घटने लगी है। फिलहाल वार्ड में 12 मरीज ही भर्ती हैं।