दिल्ली नंबर की लग्जरी कार में आए थे दो बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़की दौला इलाके में शुक्रवार अलसुबह बदमाशों ने गैस कटर से एटीएम काटकर 20 लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए। बदमाश दिल्ली नंबर की लग्जरी टोयोटा गाड़ी में सवार होकर आए थे और वारदात के बाद एटीएम बूथ में आग लगाकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के किनारे खेड़की दौला में एसबीआई बैंक का एटीएम बूथ है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह करीब 5.40 बजे दिल्ली नंबर की एक टोयोटा कोरोला कार वहां पहुंची। कार की डिग्गी में गैस कटर मशीन रखी हुई है। कार एटीएम के पास आकर रुकती है और उससे दो बदमाश उतरकर एटीएम में जाकर गैस कटर की मदद से मशीन को काटना शुरू कर देते हैं।
कुछ ही मिनटों में चोरों ने एटीएम को काट लिया और उसके अंदर मौजूद नकदी भरकर कार की डिग्गी में डालना शुरू कर दिया। जब सारे पैसे बाहर नहीं निकाल पाए तो एटीएम की जैकेट को ही कार में डालकर चोर बड़ी आसानी से फरार हो गए। पुलिस की जांच में पता चला है कि बृहस्पतिवार देर शाम को ही इस एटीएम में नकदी डाली गई थी।
-
वारदात कर रहे थे बदमाश, गुजर रहीं थी गाड़ियां
जब बदमाश इस वारदात को अंजाम दे रहे थे तो उस दौरान एटीएम के बाहर से दर्जनों लोग गुजरे, कई गाड़ियां गुजरीं, लेकिन किसी ने भी इन बदमाशों को नहीं देखा। जब एक पैदल जाते हुए व्यक्ति ने बदमाशों से पूछना चाहा तो बदमाशों ने उसे धमकाकर यहां से भगा दिया। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने एटीएम बूथ और मशीन को आग लगा दी। जब एटीएम में लगी आग के बारे में जमीन मालिक को पता चला तो वो मौके पर आए और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और जांच में जुट गई है।
-
सीआईए की पांच टीमों को जांच में लगाया
एटीएम से 20 लाख रुपये चोरी के मामले की जांच के लिए सीआईए मानेसर से लेकर सीआईए 10 और सीआईए 31 और सीआईए 39 की टीम को लगाया गया है। खेड़कीदौला थाना पुलिस अलग से कर रही है काम।
एटीएम के आसपास लगे कैमरों की फुटेज को खंगाला
सीआईए की एक टीम बूथ के आस पास लगे कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। इसके साथ ही बूथ से दस दिन के भीतर पैसे निकालने वालों पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस को जो चेहरे बार-बार नजर आ रहे हैं उस पर नजर है।
मशीन में 20 लाख रुपया है यह किस-किस को था पता
अपराध शाखा के एक अधिकारी की माने तो जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किसे पता था कि एटीएम में पैसा कुछ समय पहले ही डाला गया था। वारदात का समय जो तय हुआ उससे जाहिर है कि कंपनी से जुड़ा हुआ कोई आदमी है। जिस विश्वास से राहगीरों को डॉट कर भगाया जा रहा था। उससे यह जाहिर हो रहा है कि कर्मचारी जैसे आम जनता से बात करते हैं। उस तरह का विश्वास झलक रहा था।
-
अधिकारी बोले
मामले की जांच के लिए स्पेशल पांच टीमों को लगाया गया है। पुलिस हर कोण से जांच कर रही है। शुरूआती जांच में पता चला है कि जिस कार को वारदात में प्रयुक्त किया गया है, वह चोरी की है। तेज-तर्रार पुलिस अधिकारियों की टीम इस वारदात पर काम कर रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। - विकास अरोड़ा, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम।