दिल्ली की ओर जाने वाले कॉमर्शियल वाहन बिना रुके टोल पार कर सकेंगे
मल्टी लेन फ्री फ्लो इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग सिस्टम लगाया जा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर सरहोल बॉर्डर स्थित एमसीडी टोल को अक्तूबर के अंत तक बैरियर फ्री कर दिया जाएगा। दिल्ली नगर निगम द्वारा यहां मल्टी लेन फ्री फ्लो इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। टोल बैरियर फ्री होने के बाद गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जाने वाले कॉमर्शियल वाहन बिना रुके टोल पार कर सकेंगे। इससे अन्य वाहनों का संचालन भी प्रभावित न होने से पीक ऑवर्स में लगने वाले भीषण जाम से निजात मिल जाएगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों के अनुसार, सरहोल बॉर्डर स्थित एमसीडी टोल से बैरियर को पूरी तरह हटा दिया जाएगा। इसके बाद कॉमर्शियल वाहनों की पहचान व टोल टैक्स की वसूली के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन के लिए टोल लेन पर हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए जा रहे हैं। ऐसे में चलते कॉमर्शियल वाहन की नंबर प्लेट को रीड करके सीधे बैंक खाते या फास्टैग से टोल वसूल कर लेंगे।
रोज गुजरते हैं 3.50 लाख वाहन
सरहोल बॉर्डर गुरुग्राम व दिल्ली को जोड़ने वाला सबसे व्यस्त रूट है। हर रोज यहां से करीब 3.50 लाख वाहन गुजरते हैं। वर्तमान में टोल बूथों पर कॉमर्शियल वाहनों की रफ्तार धीमी होने के कारण अन्य वाहनों की रफ्तार भी धीमी होने से सुबह व शाम के समय लंबा जाम लग जाता है। बैरियर फ्री होने से वाहन चालकों व सवारियों को जाम से मुक्ति मिलने के साथ ही न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि बॉर्डर पर होने वाले वायु प्रदूषण में भी भारी कमी आएगी।
सरहोल बॉर्डर स्थित एमसीडी टोल को माह के अंत तक बैरियर फ्री कर दिया जाएगा। एमसीडी द्वारा बैरियर फ्री के लिए फ्री फ्लो इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। बैरियर फ्री होने के बाद यहां पर जाम की समस्या का कुछ हद तक समाधान हो सकेगा।
- भवनेश कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई