रेलवे स्टेशन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
पटौदी रोड रेलवे स्टेशन पर पिछले तीन दिनों से अनारक्षित टिकट प्रणाली में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई है। जिससे दैनिक यात्री भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण कंप्यूटराइज टिकट नहीं बन पा रही हैं। और इस वजह से रेलवे के कर्मचारियों को पर्ची पर हाथ से टिकट लिखकर यात्रियों को प्रदान करनी पड़ रही है।
पटौदी रोड रेलवे स्टेशन पर यात्री सुबह से शाम तक लगातार ट्रेनों में सफर करते हैं। लेकिन इस तकनीकी समस्या के कारण उन्हें लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। टिकट काउंटर पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण कई बार ट्रेनों के समय पर टिकट प्राप्त करने में देरी हो रही है। दो रेलवे कर्मचारियों को ब्लैक पेपर पर पेन से टिकट लिखने का काम करना पड़ रहा है। जिससे टिकट वितरण में और भी अधिक समय लग रहा है।
दैनिक रेल यात्री संघ पटौदी रोड के अध्यक्ष योगिन्द्र चौहान ने इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा अनारक्षित टिकट प्रणाली में आई खराबी के कारण यात्रियों को कंप्यूटराइज टिकट नहीं मिल रही। रेलवे विभाग को इस समस्या का त्वरित समाधान करना चाहिए ताकि यात्रियों को लंबी लाइनों में न लगना पड़े। ब्लैक पेपर पर टिकट बनाने में बहुत समय लग रहा है। जिससे ट्रेनों के समय पर सभी यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
पटौदी रोड रेलवे स्टेशन के अधीक्षक भरत लाल मीणा ने बताया कि प्रिंटर में 'थिन लाइन' की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इस तकनीकी खराबी को ठीक कराने के लिए प्रिंटर को रेलवे विभाग के मुख्यालय भेजा गया है और उम्मीद है कि जल्द ही यह समस्या हल हो जाएगी। इस बीच, यात्रियों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं, जहां रेलवे कर्मचारी हाथ से टिकट लिख रहे हैं। इन टिकटों पर प्रस्थान रेलवे स्टेशन, आगमन रेलवे स्टेशन, यात्रियों की संख्या और किराया दर्ज किया जा रहा है। ताकि यात्रियों को गंतव्य रेलवे स्टेशन पर कोई समस्या न हो।