गुरुग्राम। करीब ढाई लाख रुपये की मैकरॉनी खरीदने के बाद भुगतान करने का समय आया तो कंपनी व उसके अधिकारी फरार मिले। पीड़ित उनके कार्यालय पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। आखिर इतनी बड़ी रकम की मैकरॉनी लेने के बाद ठग कहां गायब हो गए, इसकी आसपास के लोगों को भी जानकारी नहीं है। पीड़ित शिकायत पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के मूल निवासी विक्रांत ने बताया कि उसकी कंपनी जेके सप्लिंट्स सहारनपुर देवबंद में मैकरॉनी, पास्ता आदि बनाने का काम करती है। अपने पिता संजय कुमार की ओर से शिकायतकर्ता ही सारा काम देखता है। आरोप है कि 5 अप्रैल 2021 को सेक्टर-46 गुरुग्राम स्थित एजी एंटरप्राइजेज ने मोबाइल कॉल के जरिये उससे संपर्क किया। उसने कहा कि उन्हें मैकरॉनी खरीदनी है और आप सैंपल भेज दें। 6 अप्रैल को बताए गए पते पर सैंपल भेज दिए गए।
9 अप्रैल को वह गुरुग्राम की इस कंपनी में मिलने आया। यहां पर मनीष गोस्वामी, इक्कमजीत व एक अन्य व्यक्ति से मिले जिसे सब मालिक बता रहे थे। ऑर्डर के कुछ समय बाद पेमेंट की बात तय हुई। 11 अप्रैल को पीड़ित ने करीब 2 लाख 35 हजार रुपये की मेक्रोनी कंपनी को भेज दी।
कंपनी ने 12 अप्रैल को खेड़कीदौला क्षेत्र स्थित एक गोदाम में ये सामान उतरवा लिया। लेकिन कई दिनों तक भुगतान नहीं किया। बार-बार भरोसा देते रहे कि पेमेंट जल्द दे देंगे। 24 जून को पीड़ित कंपनी के गुरग्राम कार्यालय पर आया तो पता चला कि वह कार्यलय बंद कर फरार हो गए हैं। तब पीड़ित ने शिकायत पुलिस को दी। प्राथमिक जांच के बाद सेक्टर-50 थाना में साजिश के तहत ठगी करने का मामला दर्ज किया है।