गुरुग्राम। गुरुग्राम -फरीदाबाद रोड पर एक फरवरी को मफलर से गला घोंटकर चालक की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। मृतक अपने भाई के साथ शराब पीता था। जिससे उसके घर में क्लेश होता था। इसका बदला लेने के लिए भाई की पत्नी ने योजना बनाकर दुकान पर काम करने वाले युवक से जेठ की हत्या कराई थी। सीआईए सेक्टर-40 की टीम ने महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल को बरामद कर लिया है।
एसीपी क्राइम प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी महिला गुलशन निवासी के-ब्लॉक साउथ सिटी-1 और नईम अल्वी निवासी गांव सिलोखरा हैं। ये सभी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि महिला गुलशन की गुरुग्राम में कबाड़ी की दुकान है। आरोपी नईम अल्वी इसके साथ ही काम करता था। मृतक जेठ इकरार सिकंदरपुर गुरुग्राम में कबाड़े के गोदाम पर चालक की नौकरी करते थे। इकरार, इब्राहिम के पास आता-जाता था। इकरार और इब्राहिम दोनों साथ में शराब भी पीते थे। इससे गुलशन के घर में विवाद होता था। गुलशन ने कई बार इकरार का दुकान पर आने का विरोध भी किया था। दो महीने पहले दोनों में झगड़ा भी हुआ था। तभी से उसने इकरार की हत्या करने की योजना बना ली थी और इसमें नईम को शामिल कर लिया था। हाल ही में 31 जनवरी को नईम इकरार को शराब पीने के बहाने फरीदाबाद रोड ले गया। जहां मफलर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और खुशबू चौक से पहले जंगल में फेंक दिया। आरोपी नईम ने हत्या को अंजाम देकर गुलशन को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पूरी घटना का खुलासा किया।