पत्नी नौकरी पर गई थी, बच्चों को सुलाकर लगाया फंदा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 थाना के अंतर्गत सरस्वती एन्क्लेव में एक युवक ने शनिवार दोपहर को किराये के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को निरीक्षण किया। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही आत्महत्या करने के कारणों का पता चला है। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान मथुरा (उत्तर प्रदेश) के अगरयाला गांव निवासी पवन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में सफाई का काम करता था और सरस्वती एन्क्लेव में पत्नी, दो बच्चों व मां के साथ किराये के कमरे में रहता था। पवन ने शनिवार की दोपहर को फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। घटना के दौरान पवन की पत्नी नौकरी पर गई हुई थी और उसकी मां राजस्थान में बेटी के पास गई हुई हैं। पवन ने बच्चों को सुलाने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या की। मृतक पवन के जीजा प्रवीन ने बताया कि कोई मामला अभी पता नहीं चला है कि कोई लड़ाई-झगड़ा सामने नहीं आया है।
जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं। पवन की आत्महत्या के पीछे कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। मामले की विभिन्न बिंदुओं के तहत छानबीन की जा रही है।