गुरुग्राम। चिनटेल्स पैराडाइसो के अलग-अलग टॉवरों में हुए घटिया निर्माण कार्य का खुलासा लगभग सात महीने पहले ही हो चुका था, लेकिन मामले को दबा दिया गया था। 21 जुलाई 2021 को यहां के जी टॉवर के चौथी मंजिला का छज्जा अचानक गिर गया था। जिसमें एक बच्चा भी घायल होते-होते बच गया था। इस छज्जे की निर्माण सामग्री बेहद घटिया थी। सीमेंट, सरिया, बजरी, बालू, क्रेशर मिश्रण ठीक नहीं होने से छज्जा गिरा था। स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण कार्य का विरोध शुरू किया तो बिल्डर प्रतिनिधियों ने उनको समझाबुझा कर शांत कर दिया था। इसकी शिकायत जिला योजनाकार प्रवर्तन अधिकारी आरएस बाठ से हुई तो 22 जुलाई को उन्होंने मौका मुआयना किया था। छज्जे को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। काम शुरू हुआ और उसको ठीक करा दिया गया।
अगर उसी वक्त इस सोसाइटी के सभी टॉवरों का संरचनात्मक ऑडिट करा दिया गया होता तो शायद 10 फरवरी का हादसा न होता और दो महिलाओं की जान बच जाती। सोसाइटी के जी टॉवर में वर्ष 2018 से रह रहे निरंजन कटारिया कहते हैं कि अधिकांश टॉवरों में प्लास्टर गिरने, दीवार और फर्श में दरारें सहित अन्य शिकायतें आती रहती हैं। इन शिकायतों पर बिल्डर की ओर से मौके पर समाधान नहीं किया जाता है। अगर गंभीरता दिखाई जाती तो ये घटना ही नहीं होती।