गुरुग्राम। पालम कोर्ट भवन के पास एक ऑटो में सवार बदमाशों ने कार सवार दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की। जैसे ही पीड़ित वहां से किसी तरह कार समेत भागने लगे, तो बदमाशों ने उन पर पत्थर बरसा दिए। इससे दोनों को गंभीर चोटें आई। साथ ही कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने की पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार वारदात 17 मई की रात करीब दो बजे की है। सुखराली निवासी चिराग अपने भाई चंद्रकांत के साथ रात करीब दो बजे पालम कोर्ट भवन के पास पहुंचे थे। वहां पहले से ऑटो में बैठे दो युवकों ने बिना किसी बात के इन पर हमला कर दिया। जब तक दोनों कुछ समझ पाते, आरोपियों ने इनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया है कि दोनों वहां से जान बचाकर कार समेत भागने लगे। तभी आरोपी पत्थर बरसाने लगे, जिसमें से एक चंद्रकांत के जबड़े पर जाकर लगा। इस मारपीट में दोनों भाइयों को गंभीर चोट लगी।
मंगलवार को पीड़ितों ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दी है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश कर रही है।