अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में चालक द्वारा कंटेनर से लाखों रुपये का सामान गायब करने का मामला सामने आया है। चालक ने तमिलनाडु से गुरुग्राम आने तक यह सामान चोरी किया और गुरुग्राम स्थित कंपनी के गोदाम में गाड़ी खड़ी कर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के देवेंद्र पाल ने कहा कि उनका खेड़कीदौला में गोदाम है। उसका कंटेनर सेक्टर-45 में ऑन मूव ट्रांसपोर्ट में चलता है। इस कंटेनर पर उन्होंने राजस्थान के भरतपुर निवासी शाकिर को चालक रखा था। तीन अगस्त को चालक तमिलनाडु से मिक्स गुड्स लेकर गुरुग्राम के लिए चला था। आठ अगस्त को शाकिर जब गुरुग्राम पहुंचा तो ट्रक को गोदाम में खड़ा कर चुपचाप कहीं चला गया। जब यहां ट्रक खाली किया गया तो पाया गया कि इसमें 288 नग सामान गायब हैं। जांच के दौरान पाया गया कि इस सामान में लैपटॉप के अलावा कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान है। जिनकी कीमत लाखों रुपये हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।