मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बैंक खाते से मोबाइल नंबर बदलकर और पर्सनल लोन लेकर धोखाधड़ी कर ठगी करने के मामले में पुलिस ने खाता बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से 1500 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस इस मामले में अभी तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने आरोपी को बीते मंगलवार नूंह से पकड़ा है। आरोपी की पहचान नूंह के गांव शेखपुर निवासी मोहम्मद तालीम के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि मामले में ठगी गई राशि में से 4.23 लाख रुपये आरोपी बालचंद (खाताधारक) के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
आरोपी बालचंद ने अपना बैंक खाता आरोपी वसीम को पांच हजार रुपये में बेचा था। आरोपी वसीम ने इसी बैंक खाते को आरोपी मोहम्मद तालीम को 12 हजार रुपये में बेच दिया और आरोपी मोहम्मद तालीम ने यही बैंक खाता आरोपी आसफ को 16 हजार रुपये में बेच दिया। आरोपी आसफ ने यह बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को खाते में ट्रांसफर होने वाली राशि के पांच फीसदी कमीशन पर बेचा था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 28 नवंबर 2024 को साइबर अपराध थाना मानेसर में एक व्यक्ति ने उसके बैंक खाते में मोबाइल नंबर बदलकर लोन लेकर आईएमपीएस के माध्यम से रुपये निकाल लिए हैं जबकि उसने ने ऐसा कोई लोन नहीं लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपी पकड़े हैं।