गुरुग्राम। नगर निगम के अफसरों का दावा है कि निगम ने गुरुग्राम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इसके तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में नालों व सीवरेज लाइनों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
नगर निगम ने जलभराव की संभावित जगहों को चिह्नित कर वहां विशेष फोकस के साथ टीमों को तैनात किया है। हर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में मैनपावर, पंप और अन्य जरूरी मशीनरी की व्यवस्था कर दी गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, अंडरपास, बाजार क्षेत्रों और आवासीय कॉलोनियों में जलभराव की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुख्ता प्रबंध किए गए है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने शहर वासियों से अपील की कि वे नालों व सीवर में कचरा फेंकने से बचें और जलभराव की सूचना तुरंत नगर निगम को दें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाएगा। ब्यूरो