गुरुग्राम। गुजरात में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति के लिए खेल मंत्री संदीप सिंह ने खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की। खेल मंत्री ने कहा कि जिन खेलों में हमारे खिलाड़ियों का प्रदर्शन कमजोर है, उन खेलों पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि जिमनास्टिक, योगासन, वेट लिफ्टिंग सहित एथलेटिक में हमारे खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर नहीं है। ऐसे में इनसे जुड़ी खेल फेडरेशन को खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान देना होगा ताकि राष्ट्रीय खेलों में मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकें।
बैठक के दौरान इस बात पर जोर रहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अधिक संख्या में पदक ला सके। खेल मंत्री व हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार संदीप सिंह ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में प्रदेश के सभी खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन सहित प्रदेश भर से आए विभिन्न खेल संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
खेल मंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे ही देश में 27 सितंबर से 10 अक्तूबर तक होने वाले राष्ट्रीय खेलों में हमारा प्रदेश शीर्ष स्थान पर रहे। इसी उद्देश्य के साथ सभी फेडरेशन के सहयोग से सामूहिक प्रयास करने होंगे।
25 से लगेगा विशेष कैंप
खेल मंत्री के अनुसार सभी खेल संघ पूरी निष्पक्षता के साथ अपने बेहतर खिलाड़ियों का चयन करें। राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा पदक जीत कर लाए। हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के मार्गदर्शन में ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए 25 अगस्त से एक माह के विशेष कैम्प आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों को श्रेष्ठ कोचों से प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की वेबसाइट लांच
खेल मंत्री ने हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की वेबसाइट भी लांच की। जिसके माध्यम से खेल फेडरेशन अपने खिलाड़ियों एवं उनसे जुड़ी जानकारी को वेबसाइट पर अपलोड कर पाएंगी ताकि भविष्य में निष्पक्षता के साथ खिलाड़ियों को उनसे संबंधित सुविधाएं दी जा सके। बैठक में खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन ने सभी खेल संघ के पदाधिकारियों को राष्ट्रीय खेलों के लिए होने वाली चयन प्रक्रिया व खेल विभाग एवं हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा उन को दी जाने वाली सुविधाओं की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी भी दी।