- निजामपुर नाले के ओवरफ्लो से किसान परेशान, सड़क से बहकर खेतों में जा रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। बीते एक सप्ताह से अधिक समय से निजामपुर नाले का गंदा व बदबूदार पानी खेतों में फैल रहा है, जिसके कारण इलाके के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाले का पानी मार्केटिंग बोर्ड की लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पर बहते हुए खेतों में प्रवेश कर रहा है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और किसानों की गेहूं की बिजाई भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय किसानों के अनुसार, उन्होंने कई बार खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी व एसडीएम तावड़ू तथा अन्य विभागों को शिकायतें दर्ज करवाईं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं मिला। विभागीय अनदेखी से नाराज़ कुछ किसानों ने स्वयं ही सड़क पर मिट्टी डालकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है, जिसके कारण कई गांवों का आपसी संपर्क भी बाधित हो गया है।
प्रभावित किसान शीशराम, दीपचंद, गोलू, अजय, महिपाल सहित अन्य किसानों ने बताया कि नाले के पानी से खेतों में जलभराव हो रहा है, जिससे गेहूं की बिजाई असंभव हो गई है। किसानों ने गुरनावट के सरपंच, बीडीपीओ तावड़ू अरुण यादव और एसडीएम जितेंद्र कुमार को कई बार स्थिति से अवगत कराया, लेकिन विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
तावड़ू एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने बताया कि सोमवार को कालरपुरी और गुरनावट के सरपंच, ग्राम सचिव और एसडीओ पीडब्ल्यूडी को बैठक के लिए बुलाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार को किसानों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। साथ ही सड़क व नाले से संबंधित समस्याओं के निवारण हेतु 32 लाख रुपये का प्रस्ताव उपायुक्त को भेजा गया था जिसे मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
फोटो: खेतों में होने वाले जलभराव से बचने के लिए मिट्टी डालकर रोका गया रास्ता