चार हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे सुरक्षा में तैनात, तैयारियां पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस की तरफ से बनाए गए सुरक्षा घेरे में 12 सहायक पुलिस आयुक्तों के साथ चार हजार 500 पुलिसकर्मी शहर की विभिन्न सड़कों पर तैनात होंगे। पुलिस उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपते हुए विभिन्न टीमों का गठन कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त विकास अरोड़ा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस सभी भारतीयों के लिए एक राष्ट्रीय पर्व है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय पर्व में सभी शहरवासी शामिल होंगे। जिले की पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखेगी।
पुलिस उपायुक्त ने 12 एसीपी, 40 से भी अधिक निरीक्षकों, चार हजार 500 के करीब पुलिस बल के साथ ही यातायात पुलिसकर्मियों के साथ ही अन्य सुरक्षा बल को विभिन्न जिम्मेदारी देकर नियुक्त किया है।
शहर में विभिन्न जगहों पर पुलिस राइडर्स, पुलिस पीसीआर, इंटेलिजेंस, क्रेन व फायर ब्रिगेड की टीमों के साथ ही डायनामिक्स चेकिंग पुलिस टीमें मौजूद रहेंगी। स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले आयोजन स्थल व उनके आसपास की जगह पर विशेष पुलिस सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। ड्रोन वीडियो शूटिंग जिले में प्रतिबंधित है।