जीएमडीए ने जारी किया टेंडर, 7.73 करोड़ से लागत से होगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर में सड़क बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की योजना पर काम कर रहा है। न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-114 की आउटर मास्टर रोड का अपग्रेडेशन किया जाएगा। जीएमडीए ने इसका टेंडर जारी कर दिया है।
इस योजना की अनुमानित लागत करीब 7.73 करोड़ रुपये है। इसे आठ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत लगभग 750 मीटर लंबे मुख्य कैरिजवे को मजबूत किया जाएगा, सड़क सुरक्षा के लिए सेंट्रल वर्ज व क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। सड़क के दोनों किनारों पर जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण और ट्रैफिक सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। न्यू गुरुग्राम की यह एक प्रमुख सड़क है। अभी सड़क जर्जर हालत में है और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसके अलावा, सेक्टर-51 और 52 को विभाजित करने वाली मास्टर रोड के साथ स्थित सर्विस रोड की विशेष मरम्मत की जाएगी। यह कार्य करीब 1.05 किलोमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत करीब 5 करोड़ रुपये है। इसका टेंडर जारी किया गया और छह माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि सड़कों के सुधार पर जोर है। उन्होंने बताया कि इस महीने की शुरुआत में सेक्टर-1 से 23 तक की सड़कों के वार्षिक रखरखाव के लिए भी टेंडर जारी किया था। यह टेंडर 24 महीने की अवधि के लिए है। इससे प्रमुख सड़कों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित हो कसेगा।