बादशाहपुर। सेक्टर-52ए स्थित ताऊ देवीलाल बायोडायवर्सिटी पार्क के मुख्य मार्ग पर इन दिनों अवैध अतिक्रमण ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों की नाक में दम कर रखा है। प्रशासन की ढिलाई का फायदा उठाकर इस मुख्य सड़क पर अवैध रूप से रेहड़ी-पटरी वालों ने कब्जा जमा लिया है। पार्क में आने वाले लोगों का कहना है कि वैसे तो दिनभर यहां इक्का-दुक्का रेहड़ियां रहती हैं लेकिन शाम होते ही यह पूरी सड़क सब्जी मंडी में तब्दील हो जाती है। फल और सब्जियों की अवैध रेहड़ियां सड़क के काफी हिस्से को घेर लेती हैं, जिससे मुख्य मार्ग संकरा हो जाता है। बिना किसी अनुमति के सार्वजनिक मार्ग का व्यापारिक इस्तेमाल स्थानीय सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ है। पार्क में सैर करने आए चिंटु कुमार ने बताया कि शाम के वक्त ताऊ देवीलाल पार्क आना अब तनावपूर्ण हो गया है। एक तरफ पार्क की हरियाली है तो ठीक बाहर सड़क पर अतिक्रमण का शोर और जाम। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। संवाद