अहीर रेजिमेंट मोर्चा के सदस्य बैठक करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
गुरुग्राम में अहीर रेजिमेंट की मांग के लिए अब संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा ने संघर्ष तेज कर दिया है। इसके लिए मोर्चा ने जनप्रतिनिधियों का समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में मोर्चा के संस्थापक सदस्य मनोज कांकरोला ने राजस्थान के बहरोड से विधायक बलजीत यादव और कोटपुतली से विधायक राजेंद्र यादव से मिलकर समर्थन मांगा। दोनों विधायकों ने तन-मन-धन से समर्थन देने का आश्वासन दिया है।
इसके साथ ही मोर्चा ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह सहित समाज के अन्य नेताओं को पत्र लिखकर भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को संसद में उठाने की गुहार लगाई है।
मोर्चा ने बताया है कि इनके अलावा देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित देश व प्रदेश के बड़े नेताओं को भी पत्र व ईमेल के माध्यम से भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग की गई है।