गुरुग्राम। आंगनबाड़ी और मिड डे मील कार्यकर्ताओं तथा आशा वर्कर्स ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय के सामने प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे तीनों यूनियनों की कार्यकर्ता धरना देने बैठी और दोपहर दो बजे जुलूस निकालते हुए सोहना चौक पहुंची। सोहना चौक पर अपने जुलूस और प्रदर्शन को समाप्त किया। इससे पहले मिड डे मील कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार सुशील कुमार के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मिड डे मील कार्यकर्ताओं ने मानदेय का भुगतान, स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन बनाने का कार्य शुरू, 24 हजार रुपये वेतन, वर्दी भत्ता सहित अन्य मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई।
मांगों को पूरा कराने के लिए लघु सचिवालय के आगे धरने पर बैठी आंगनबाड़ी और मिड डे मील कार्यकर्ताओं तथा आशा वर्कर्स ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोपहर को तीनों यूनियन की कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय, राजीव चौक, सोहना रोड पर जुलूस निकाला। जुलूस के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी व्यवस्था की गई थी। जुलूस निकाल रही कार्यकर्ताओं के साथ ही काफी संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं का यह जुलूस सोहना चौक पर आकर समाप्त हुआ। जुलूस में आंगनबाड़ी यूनियन की ओर से सरला, शारदा देवी, मिड डे मिल यूनियन की जिला प्रधान मूर्ति सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहीं।