20 सितंबर से श्री दुर्गा रामलीला का मंचन होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर की प्रतिष्ठित श्री दुर्गा रामलीला कमेटी ट्रस्ट ने गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाकर अपनी 60वीं रामलीला की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर भगवान गणेश का पूजन किया गया। रामलीला में मंचन करने वाले सभी कलाकारों ने भी गणपति का आशीर्वाद लिया।
कमेटी इस वर्ष अपने 60वें वर्ष में प्रवेश कर रही है जिसको लेकर सदस्यों और कलाकारों में विशेष उत्साह है। आगामी 20 सितंबर से श्री दुर्गा रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा। इसी संदर्भ में गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर विधि-विधान से पूजन संपन्न हुआ और सभी पात्रों का धागा बंधन किया गया। इस परंपरा के साथ ही सभी कलाकार अब दशहरा पर्व तक पूरी तरह से मंच को समर्पित रहेंगे और नियमित रूप से रामलीला का अभ्यास उनकी दिनचर्या का हिस्सा होगा।
श्री दुर्गा रामलीला कमेटी के प्रधान कपिल सलूजा और सचिव अशोक प्रजापति ने बताया कि 60वें वर्ष के मंचन को यादगार बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। रामलीला स्थल की साज-सज्जा और मंच को और भी आकर्षक बनाने का कार्य प्रगति पर है। कमेटी के प्रेस प्रवक्ता राजकुमार सैनी के अनुसार, रामलीला को भव्यता प्रदान करने के लिए कलाकार पूरी लगन से रिहर्सल में जुट गए हैं।