गुरुग्राम। खेड़की दौला थाना क्षेत्र में आर्या बिल्डर्स के फ्लैटस से हुई चोरी 50 लाख से बढ़ते-बढ़ते 24 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इसके 50 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। मामले में फरार चल रहे निलंबित आईपीएस धीरज सेतिया के खिलाफ वारंट जारी करने की तैयारी हो रही है। एसटीएफ के डीआईजी सतीश बालन ने बताया कि विधिक कार्रवाई के तहत अब आईपीएस धीरज सेतिया के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। बार-बार नोटिस देने के बाद भी वह जांच में सहयोग करने के लिए सामने नहीं आ रहे हैं, इसलिए अब वारंट जारी कराने की तैयारी हो रही है।
आर्या बिल्डर्स के फ्लैट से बीती अगस्त लगभग 50 लाख रुपये की चोरी का मामला दर्ज हुआ था। इसकी जांच पड़ताल शुरू हुई तो ये रकम अब 24 करोड़ तक पहुंच चुकी है। इसके 50 करोड़ या उससे ज्यादा तक होने का भी अनुमान लगाया जा रहा है। छह करोड़ रुपये बरामद हो चुके हैं। बताया जा रहा है ये रकम काला धन थी, जिसे आयकर की स्कीम के तहत नंबर-एक में बदला जाना था, लेकिन इसके पहले ही ये रकम चोरी हो गई। इस हाईप्रोफाइल मामले में अब तक तीन डॉक्टर और दो पुलिस कर्मियों सहित 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसमें गुरुग्राम के दो डॉक्टर डॉ. जेपी जोशी और डॉ. सचिंद्र जैन शामिल हैं। तीसरा डॉक्टर दिल्ली का है। काले धन के इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग का सक्रिय होना भी सामने आ रहा है।