गुरुग्राम। जयपुर-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर शंकर चौक पुल पर बाइक सवार दो लोग खराब खड़ी सेना की स्कूल बस से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूल रूप से राजस्थान के बहरोड निवासी हंसराज व अमर सिंह दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी करते थे। सोमवार सुबह दोनों बाइक से दिल्ली जा रहे थे। बाइक अमर सिंह चला रहा था। शंकर चौक पुल पर बाइक पहुंची तो यहां सेना की स्कूल बस खराब खड़ी थी। अमर सिंह ब्रेक नहीं लगा पाया और बाइक बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हंसराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायल अमर सिंह की शिकायत पर सेना की स्कूल बस के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सहायक उप निरीक्षक दलबीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खराब बस में कोई नहीं था।