गुरुग्राम में कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
गुरुग्राम में नए कोरोना मरीजों की संख्या अब दिनोंदिन कम हो रही है तो वहीं स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा भी रफ्तार पकड़ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भी 97 नए मरीज आए तो 71 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या अब बढ़कर 10360 तक पहुंच चुकी है, वहीं जिले में अब तक 130 मरीज दम तोड़ चुके हैं।
राहत की बात यह है कि गंभीर मरीजों के मामले में भी गुरुग्राम की स्थिति प्रदेश के अन्य जिलों से बेहतर है। कुल मरीजों में से अब महज 720 मरीज ही सक्रिय हैं, जिसमें से 605 मरीज होम आइसोलेट हैं, जबकि 115 मरीज ही अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। शासकीय कोविड अस्पतालों में अब महज 13 मरीज ही उपचाराधीन हैं, जबकि जिला कोविड हेल्थ सेंटर में सिर्फ 78 मरीज ही भर्ती हैं।
वहीं, 24 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं। सोमवार को जिले में 2188 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन किट के जरिए 1795 लोगों की जांच की गई जबकि 393 लोगों की निजी लैब व निजी अस्पतालों में जांच की गई।
कोरोना के नए मरीजों को आइसोलेट करने के साथ ही गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। पिछले करीब दो माह से जिले में व्यापक तौर पर कोविड-19 जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कोरोना मरीजों की अब जल्दी पहचान हो जा रही है। अब जिले में कुल संक्रमितों के स्वस्थ होने का अनुपात 92 फीसदी हो गया है तो वहीं, सक्रिय मरीजों में से 75 फीसदी से ज्यादा संक्रमित होम आइसोलेट हैं।