गुरुग्राम। शहर में जुमे की खुले में होने वाली नमाज के विरोध मामले में सोमवार को मुस्लिम एकता मंच ने जिला उपायुक्त से मुलाकात की। उपायुक्त से कहा कि वह लोग खुले में जुमे की नमाज नहीं अदा करेंगे। लेकिन शहर में वक्फ बोर्ड की जमीन पर बनी मस्जिदों से अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि वहां नमाज अदा की जा सके। मंच ने शहर में भाईचारा कायम करने के लिए प्रयासरत होने की बात भी कही।
मंच के चेयरमैन हाजी शहजाद ने डीसी को प्रदेश के सीएम मनोहर लाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 2018 मेें शहर में प्रशासन ने खुले में जुमे की नमाज अदा करने के लिए कुल 37 सार्वजनिक जगहों पर अनुमति दी थी। पिछले कुछ महीनों से यहां कुछ तथा कथित लोगों द्वारा शहर का माहौल बिगाड़ने के लिए नमाज का विरोध किया जा रहा है। मंच की मांग है कि शहर में वक्फ बोर्ड की जमीन पर जो 19-20 मस्जिद बनाई गई हैं, उनसे अतिक्रमण हटाया जाए ताकि वह लोग मस्जिदों में ही नमाज अदा कर सकें। वहीं, न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में भी नमाज अदा करने के लिए जमीन दिलाई जाए, जहां मस्जिदों का निर्माण किया जा सके।
हमेशा सुरक्षा में नमाज पढ़ना असंभव
हाजी शहजाद खान ने कहा कि शहर में प्रशासन की सुरक्षा के बीच नमाज पढ़ना असंभव है। इसलिए जल्द से जल्द मस्जिदों से कब्जा हटाया जाए। अब तक नमाज केेेे दौरान पुलिस व प्रशासन से जो सुरक्षा मिली उसके लिए आभारी हैैं। शासन- प्रशासन ने संविधान का पालन करते हुए उन्हें सुरक्षा दी है।
भंडारे में करेंगे सहयोग
हाजी शहजाद ने डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद कहा कि वह नमाज पढ़ने वाली जगहों पर कोई विवाद न हो इसके लिए पीछे हटने को भी तैयार हैं। हिंदू संगठनों ने मौके पर अन्नकूट कार्यक्रम व भंडारा करने की बात कही है तो हम उनके साथ सामंजस्य बनाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद भी बात नहीं बनी तो हम भी भंडारे में सहयोग करेंगे। मंच की ओर से भंडारे में 5100 रुपये भी दिए जाएंगे।
प्रशासन ने बनाई उच्च स्तरीय कमेटी
मामले में हिंदू संगठनों और अब मुस्लिम एकता मंच से ज्ञापन मिलने के बाद जिला प्रशासन ने इसे सुलझाने के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। इसमें एसडीएम सदर, एसीपी सदर, हिंदू संगठन के नेता व मुस्लिम एकता मंच के पदाधिकारियों को शामिल किया है। प्रशासन का प्रयास है कि कमेटी में शामिल सदस्य आपस में मिलकर इसका हल निकालें।
कमेटी के लोगों की मंगलवार को बैठक है। दोनों पक्षों की ओर से जल्द ही कोई रास्ता निकाला जाऐगा। कमेटी के लोगों से हर बिंदु पर चर्चा है। इस बारे में होने वाली पूरी गतिविधि की जानकारी मुख्यालय दी गई है।
डॉ. यश गर्ग उपायुक्त, गुरुग्राम।