फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुग्राम: नमाज के समय लगे जय श्रीराम के नारे, पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया

Fri, 03 Dec 2021 11:15 PM IST
नोएडा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क

सार

पुलिस ने मुश्किल से लोगों को वहां से हटाया। इस बीच हिंदू संगठनों के आठ लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद ही नमाज हो सकी। हालांकि इस दौरान भी संगठनों के लोग जय श्री राम के नारे लगाने लगे।
विज्ञापन
जुमे की नमाज को लेकर सेक्टर-37 में विरोध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुरुग्राम में जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को फिर से सेक्टर-37 में बड़ा विरोध हुआ। नमाज अदा करने आए नमाजियों को देख मौके पर जुटे स्थानीय लोग व हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस ने बामुश्किल लोगों को काबू किया। इस मामले में हिंदू संगठनों के आठ लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद ही नमाज हो सकी। घटनास्थल पर विवाद का वीडियो पूरे दिन सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। हालांकि इस मामले में हिरासत में लिए गए सात लोगों को छोड़ दिया गया जबकि दिनेश भारती पर केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया। वह नमाज के मामले में चौथी बार गिरफ्तार किए गए हैं।

विज्ञापन


शहर में खुले में जुुमे की नमाज को लेकर जिन 20 स्थलों पर प्रशासन व दोनों समुदाय के प्रतिनिधियों की सहमति बनी थी, उसमें सेक्टर-37 का स्थल भी शामिल है। हालांकि दो सप्ताह पहले सेक्टर-37 में क्रिकेट खेल रहे युवाओं को नमाजियों की शिकायत के बाद पुलिस द्वारा हटा देने के बाद से अब यहां हर सप्ताह जुमे को नमाज का विरोध का सिलसिला चल पड़ा है। शुक्रवार को जैसे ही जुमे की नमाज के लिए सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोग व हिंदू संगठनों के लोग भी एकत्रित होकर आ गए। वह नमाजियों को रोककर विरोध करने लगे।

आरोप है कि कुछ नमाजियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए। भीड़ के उग्र होने की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने विरोध कर रहे लोगों से वहां से हटाने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई को देख लोगों ने और नारे लगाए।
विज्ञापन


सेक्टर-12 में रही शांति
स्थानीय लोगों के विरोध के बाद नमाज के लिए सहमति वाले स्थलों की सूची से हटाए गए सेक्टर-12 के स्थल पर इस शुक्रवार को भी शांति रही। मौके पर भारी पुलिस बल को देखते हुए न तो यहां नमाजी आए और न ही विरोध के लिए हिंदू संगठन के लोग। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब नमाजियों ने ही यहां आना बंद कर दिया है तो विरोध का सवाल ही नहीं उठता। वहीं सेक्टर-12 में एक निजी दुकान में पिछले कुछ सप्ताह से हो रही नमाज इस बार भी अदा की गई।

सेक्टर-37 में नमाज के लिए आए लोगों को हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने रोकने का प्रयास किया। धक्का-मुक्की की। पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को हटाया, तब जाकर नमाज हो सकी। मामले में पुलिस को शिकायत देंगे। -हाजी शहजाद, अध्यक्ष मुस्लिम एकता मंच

प्रशासन ने किसी भी सार्वजनिक स्थान पर नमाज की अनुमति नहीं दी है। शहर में किसी भी सार्वजनिक स्थल पर नमाज नहीं होने दी जाएगी, इसका विरोध किया जाएगा। -महावीर भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष, संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति

सेक्टर-37 में नमाज को लेकर कुछ लोगों ने विरोध किया था। स्थिति पर जल्द ही काबू कर लिया गया। इसके बाद नमाज हुई। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। -दीपक साहरन, डीसीपी वेस्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें