गुुरुग्राम। अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। इसके तहत संयुक्त आयुक्त हरीओम अत्री व नगर योजनाकार आरएस बाठ के नेतृत्व में इनफोर्समेंट टीमों ने वजीराबाद में करीब 15 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
संयुक्त आयुक्त-3 हरीओम अत्री व डीटीपी आरएस बाठ के नेतृत्व में टीम 7 जेसीबी व करीब 500 पुलिसकर्मियों सहित वजीराबाद स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम की साइट पर पहुंची। अतिक्रमणकारियों ने यहां पर करीब झुग्गियां व टीन के पक्के कमरे बनाकर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। टीम ने जेसीबी की मदद से करीब 2500 झुग्गियों व 200 टीन के कमरों को ध्वस्त कर दिया। हालांकि, कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। इस दौरान सहायक अभियंता (इनफोर्समेंट) अजय शर्मा, कनिष्ठ अभियंता मंदीप व महबूब, पटवारी सुनील कुमार, राजेश कुमार, नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।
अतिक्रमणकारियों को दी गई थी चेतावनी
संयुक्त आयुक्त हरीओम अत्री एवं डीटीपी आरएस बाठ ने बताया कि वजीराबाद में नगर निगम द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। इस साइट पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। पिछले दिनों मौके का निरीक्षण करके अवैध कब्जाधारियों को जमीन खाली करनेकी चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नहीं माना।