समाधान शिविर में एडीसी ने सुनीं जन समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला प्रशासन की ओर से लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) वत्सल वशिष्ठ ने आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
एडीसी ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी आईडी), वृद्धावस्था पेंशन तथा राजस्व विभाग से संबंधित अनेक समस्याएं रखीं। कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति के लिए समय-सीमा तय की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए व प्रत्येक शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी समय पर दी जाए।