पटौदी थाना क्षेत्र में बादली के विधायक कुलदीप वत्स की कोठी में घुसकर शुक्रवार को हथियारबंद बदमाशों ने उनके रसोइये की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं बदमाशों ने विधायक को देख लेने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विधायक को खोजते हुए उनकी कोठी में आए थे लेकिन विधायक नहीं मिले तो रसोइये को पीट दिया।
बदमाश जाते-जाते कुक से बोल गए कि कुलदीप को कह देना कि बदमाशों के बारे में ज्यादा ना बोले, हमने मूसेवाला को नहीं छोड़ा तो कुलदीप क्या चीज है। कुक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मूल रूप से यूपी के अलीगढ़ निवासी राजीव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बादली से कांग्रेसी विधायक कुलदीप वत्स के पटौदी स्थित ऑवास पर रसोइये के तौर पर कार्यरत हैं।
घुसते ही बदमाशों ने पूछा कहां है कुलदीप
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे पांच युवक जबरन विधायक की कोठी में घुस आए। उन्होंने घुसते ही राजीव को पकड़ लिया और पूछा कि कुलदीप कहां है। राजीव ने कहा कि विधायक यहां नहीं हैं। राजीव के विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया।
कंपनी के सुरक्षाकर्मी ने ड्राइवर को पीटा
फर्रूखनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अमेजन कंपनी के गार्ड ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक चालक यूपी के मथुरा निवासी कालीचरण की पिटाई कर दी। उसने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।