गुरुग्राम। करीब चार साल से लटके पुराने अस्पताल की जगह नए अस्पताल के निर्माण पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि चार महीने उन्होंने मौका मुआयना कर अस्पताल के पुराने भवन की तुड़ाई जल्द शुरू करने को कहा था। इसके साथ ही यहां से सीटी स्कैन और एमआरआई भी एक महीने में शिफ्ट में करने के निर्देश दिए थे, लेकिन चार महीने बाद भी न दोनों सेंटर शिफ्ट हुए और न ही पुराने भवन की तुड़ाई आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद उन्हें हर हाल में प्रगति रिपोर्ट चाहिए, अगर प्रगति नहीं मिली तो संबंधित अधिकारी कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
करीब चार साल पहले शहर के बीचों बीच स्थित पुराने नागरिक अस्पताल की सुविधाएं और सेवाएं सेक्टर 10 अस्पताल में स्थानांतरित की गईं थीं। यहां पुराने भवन को तोड़कर नया भवन को बनाया जाना है। इसके लिए जीएमडीए को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जीएमडीए ने पीडब्ल्यूडी को यह जिम्मेदारी दे दी। शुरूआत में भवन के कुछ हिस्से को तोड़कर ही काम बंद कर दिया गया। अधिकारी यहां तकीनकी परेशानियों का बहाना बना रहे हैं। करीब चार महीने पहले केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह जीएमडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ दौरा कर काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों ने एक महीने में उन्हें प्रगति रिपोर्ट सौंपने की बात कही थी, लेकिन मंत्री के आदेश के बाद भी अधिकारी गंभीर नहीं हुए। इसी बात पर मंगलवार को मंत्री बैठक में अधिकारियों पर भड़क गए।
------------