गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण अभियान के तहत आज 170 स्थानों पर मेगा वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें 26,794 लोगों वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई गई। अब तक जिले में वैक्सीन की 28 लाख 27 हजार 909 डोज दी जा चुकी है।
वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 7,236 लोगों को पहली व 12,947 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई।
45 वर्ष से अधिक आयु के चार हजार 296 नागरिकों को पहला टीका लगा। वहीं, 2253 लोगों ने वैक्सीन की अपनी दूसरी डोज लगवाई। सेक्टर-31 स्थित पॉलीक्लीनिक में विदेश जाने वाले 12 नागरिकों को कोविशील्ड की दूसरी डोज लगाई गई। वहीं, इसी केंद्र पर आज 90 नागरिकों को स्पुतनिक की दूसरी डोज लगाई गई।
कोरोना के तीन नए मामले मिले
गुरुग्राम। जिले में शुक्रवार को तीन लोगों ने कोरोना को हरा दिया, वहीं तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। जिले में अब तक एक लाख 80 हजार 181 नागरिक इसके प्रभाव से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। जांच अभियान के तहत 3159 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अभी तक 19 लाख 22 हजार 730 लोगों के सैंपल लिए गए है। जिसमे से 17 लाख 38 हजार 434 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।