गुरुग्राम। ओल्ड दिल्ली रोड स्थित नोबल एन्क्लेव में दवा के 200 रुपये मांगने को लेकर हुई कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। पीजी मालिक व उसके साथी ने तलवार व डंडों से मेडिकल स्टोर संचालक व उसके कर्मचारी पर हमला कर घायल कर दिया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायत पर पालम विहार थाना में एफआईआर दर्ज किया है।
पालम विहार थाना पुलिस के अनुसार यह शिकायत नोबल एन्क्लेव में रहने वाले मनोज कुमार ने दी है। उन्होंने वहीं पर संसार मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान खोल रखी है। आरोप है कि 23 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे सुनील कुमार के पीजी में रहने वाला मोहित नामक युवक दवा लेने आया। दवा उसे दे दी गई। करीब 200 रुपये के बिल को लेकर दोनों में कहासुनी, गाली-गलौच व हाथापाई हो गई। फिर आपस में समझौता भी हो गया। लेकिन आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे पीजी मालिक सुनील कुमार अपने साथ संजय यादव फौजी व अन्य 14-15 युवकों को लेकर आया। सुनील के हाथ में तलवार थी व अन्य के पास लोहे की रॉड व डंडे थे। आते ही सुनील व संजय गालियां देने लगे और बोले कि मेरे पीजी में रहने वालों से पैसे मांगने की हिम्मत कैसे हुई। पीड़ित उन्हें समझाने के लिए दुकान से बाहर आया और कहा कि कहासुनी के बाद मन-मूटाव दूर हो गया था। लेकिन तभी संजय ने डंडे मारने शुरू कर दिए। तभी सुनील ने तलवार से पीड़ित के सिर पर वार किया जिससे खून गिरने लगा। शोर सुनकर लड़का शुभम आया तो उसे भी पीटकर सिर पर तलवार से हमला किया। जिससे वो नीचे गिर गया। वहां रहने वाले अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जाते हुए भी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।