गुरुग्राम। एयरपोर्ट के लिए रास्ता भटके व्यापारी से बुधवार देर रात को बाइक सवार चार बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर गाड़ी छीनने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद व्यापारी की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से अजमेर निवासी सुराबुद्दीन किसी काम से मेरठ गए हुए थे। बुधवार को वे मेरठ से दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट के लिए अपनी गाड़ी में निकले। गाड़ी उनका चालक राजेश चला रहा था। बुधवार देर रात को एयरपोर्ट के लिए रास्ता भटकने के बाद चालक हीरो होंडा चौक पहुंच गया। यहां सड़क किनारे गाड़ी रोककर चालक शौच करने के लिए उतार। उसी वक्त एक बाइक पर चार युवक पहुंचे। युवकों ने चालक और गाड़ी मालिक के सिर पर पिस्तौल तानते हुए थप्पड़ जड़े। बदमाशों ने चालक से गाड़ी की चाबी छीनकर दोनों को नीचे उतार दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक गाड़ी में जरूरी दस्तावेजों के अलावा मोबाइल और अन्य सामान था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक गाड़ी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।