टोल प्लाजा पर कार को रोकते टोलकर्मी
- फोटो : ANI
जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 स्थित खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर कार चालकों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार सुबह कार सवार दो युवकों ने टोल मांगने के विवाद के बाद टोल प्रवक्ता और कर्मचारी कृपाल सिंह को कार के बोनट पर करीब 200 मीटर तक घसीटा।
जब टोलकर्मी के सड़क पर गिर गए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। टोल पर लगे सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारी के बयान पर खेड़कीदौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गाड़ी कन्हई गांव के अजीत सिंह के नाम से पंजीकृत है। आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
टोल प्रबंधन के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह 11.57 बजे मानेसर से गुरुग्राम की ओर एक कार टोल के लेन नंबर-19 पर पहुंची। महिला टोलकर्मी ने जब चालक से टोल मांगा तो उसने खुद को स्थानीय बताया। महिला टोलकर्मी की ओर से आरसी व डीएल मांगने पर कार चालक के बगल में बैठा युवक गुस्से में गाड़ी से नीचे उतरा और बूम बैरियर उठाने लगा।
यहां ड्यूटी पर तैनात टोल के मीडिया प्रभारी व कर्मचारी कृपाल सिंह दो अन्य कर्मियों के साथ कार के आगे पहुंचे। आरोपी कार चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय कृपाल सिंह के आगे से निकाली इससे वह कार के बोनट पर लटक गए। कार चालक ने करीब 200 मीटर तक इसी तरह बोनट पर टोल कर्मी को घसीटा। ब्रेक लगाने पर आरोपी सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी कार चालक तेजी से गाड़ी भगाकर ले गया।
घटना के बाद टोल प्रबंधन की ओर से खेड़कीदौला थाना पुलिस को शिकायत दी गई जिसमें गाड़ी नंबर की जांच में कन्हई गांव निवासी अजीत सिंह के नाम से पंजीकरण सामने आया है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी युवक रामपुरा गांव से संबंध रखते है। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।