मानेसर। मानेसर नगर निगम की डिप्टी मेयर रीमा दीपक चौहान की अगुवाई में बुधवार को गांव हरसरू में हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डिप्टी मेयर, संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार ने सफाई कर्मचारियों के साथ अभियान में हिस्सा लिया और सफाई कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी।
डिप्टी मेयर रीमा दीपक चौहान ने कहा कि मानेसर नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने क्षेत्र को साफ रखना हमारा प्राथमिक दायित्व है। गांव में आयोजित इस सफाई अभियान में हिस्सा लेना हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से पूर्व निगम अधिकारियों ने गांव हरसरू को सफाई अभियान के लिए चुना और लोगों ने मिलकर अभियान में हिस्सा लिया। स्वच्छता अभियान के जरिए लोगों में स्वच्छता जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है। आमजन के सहयोग से ही गांव, वार्ड और निगम क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सकता है। इस मौके पर नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों सहित गांव हरसरू के लोग मौजूद रहे। ब्यूरो