आरसीसी के लिए रन भी बनाए, विकेट भी चटकाए
नंबर गेम - 38 रन से मूनलाइट पैंथर्स को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित एकेपी क्रिकेट मैदान पर रविवार को खेले गए कॉर्पोरेट टूर्नामेंट के मुकाबले में रॉयल क्रिकेट क्लब (आरसीसी) ने मूनलाइट पैंथर्स को 38 रन से हरा दिया। आरसीसी के लिए कमल गोयल ने मैदान पर कमाल दिखाया। उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 20 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीसी ने 162 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने आई मूनलाइट 17.3 ओवर में महज 124 रन पर ऑलआउट हो गई।
आरसीसी के लिए पवन शर्मा ने 26 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली जबकि अमित पवार और कमल गोयल ने 31-31 रन का योगदान दिया। मूनलाइट के लिए पीयूष और मनीष ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इसके जवाब में मूनलाइट के लिए बल्लेबाजी करने आए अभिषेक ने 21 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली जबकि देव ने 24, वंश ने 23 रन बनाए, टीम के अन्य खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।
आरसीसी के लिए कमल गोयल ने महज 1.3 ओवर में छह रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं, निखिल और शैलेंद्र को दो-दो विकेट मिले। कमल गोयल को उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि यह जीत आरसीसी के लिए महज औपचारिकता मात्र रही, टीम मैच जीतने के बावजूद सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी।