जजपा ने गेहूं की एमएसपी और एसआईआर को लेकर लघु सचिवालय के बाहर किया प्रदर्शन कर सौपा ज्ञापन। स्त
- फोटो : सांकेतिक
गुरुग्राम। जननायक जनता पार्टी (जजपा) की जिला इकाई ने बुधवार को लघु सचिवालय पहुंचकर गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के साथ मजाक बताते हुए विरोध जताया। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकरान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त को अलग-अलग दो ज्ञापन सौंपे। विरोध स्वरूप ज्ञापन के साथ 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भी दिया।
पार्टी ने गेहूं के एमएसपी में कम से कम 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी देने की मांग की। जजपा ने दूसरे ज्ञापन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मतदाता सूचियों से नाम कटने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पार्टी ने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटना लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है। पार्टी नेताओं ने बताया कि देशभर में लगभग 13 करोड़ और हरियाणा में लगभग 37 लाख मतदाताओं के नाम गायब या रद्द होने की रिपोर्ट सामने आई है। जिला प्रधान ने कहा कि ऐसे मामलों में आधिकारिक अभिलेखों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाए और प्रक्रियागत त्रुटियों के कारण हटाए गए नामों को दोबारा शामिल किया जाए। ब्यूरो