संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नहारपुर और नखडौला इलाकों में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। जमीन पर कुछ लोगों ने दो से तीन एकड़ जमीन पर बिना अनुमति के झोपड़ियां बना ली थी। इसके अलावा, कुछ लोग इस जमीन का इस्तेमाल कबाड़ जमा करने के लिए कर रहे थे। एचएसआईआईडीसी की टीम मौके पर पहुंची और प्रशासन की मदद से इन अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान झोपड़ियों को हटाया गया और जमीन को खाली कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन औद्योगिक विकास के लिए आरक्षित है, इसलिए इस पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एचएसआईआईडीसी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अगर कहीं अवैध कब्जा पाया गया, तो इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा न करें।
नहारपुर और नखडौला से एचएसआईआईडीसी की दो से तीन एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे को हटाया गया है। भविष्य में अगर कहीं अवैध कब्जा पाया गया, तो इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यशस्वी वर्मा, कार्यकारी अभियंता, एचएसआईआईडीसी