गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) ने शनिवार को एमजी रोड की ग्रीन बेल्ट से करीब 50 अवैध निर्माण को जमींदोज किया। एस्टेट ऑफिसर राजीव लांबा के नेतृत्व में तोड़फोड़ हुई। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में बादशाहपुर के नायब तहसीलदार अजय मलिक मौजूद थे।
जीएमडीए के एस्टेट ऑफिस के जूनियर इंजीनियर संदीप लोट ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में 6 रेस्तरां, 4 पक्के कमरे, 4 मोबाइल केफटेरिया, 2 नर्सरी, 1 कांटा, बीड़ी सिगरेट और चाय के खोखे, 2 बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर, 4 कबाड़ी की दुकान अवैध रूप से ग्रीन बेल्ट में चलाई जा रही थी। जीएमडीए के सीईओ सुधीर राजपाल के पास इस सिलसिले में शिकायत पहुंचीं थी।
सीईओ के आदेश के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इन्हें शुक्रवार को अवैध निर्माण को खाली करने का नोटिस दिया था, लेकिन इन्होंने नहीं किया। पहले इन निर्माण को खाली करवाया, फिर जेसीबी से तोड़ा गया। किसी तरह के विरोध से निपटने के लिए भारी संख्या से पुलिस बल मौके पर मौजूद थे। इस मौके पर तहसीलदार कृष्ण कुमार, जेई सुमित बुधवार, आशीष त्यागी, सुमित बोहरा, एचएसवीपी के पटवारी विनोद, जीएमडीए के पटवारी दीपक आदि मौजूद थे।