गुरुग्राम। सेक्टर-सात एक्सटेंशन की मार्केट में शुक्रवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग की इनफोर्समेंट टीम ने अभियान चलाया। 70 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध रखे खोखा, टिन शेड, रेहड़ी-पटरी आदि को ध्वस्त कर दिया। सड़क, फुटपाथ और पब्लिक कॉरिडोर आदि को कब्जा मुक्त कराया।
इनफोर्समेंट टीम के साथ मौजूद जेई संदीप ने बताया कि सेक्टर-सात एक्सटेंशन की मार्केट में काफी समय से फुटपाथ, रोड, पब्लिक कॉरिडोर पर दुकानदारों ने कब्जा व अतिक्रमण कर रखा था। यहां जगह-जगह टिन शेड, टेबल, बीड़ी सिगरेट के काउंटर, क़्रॉकरी के काउंटर, जूस काउंटर आदि लगा लिए गए थे। रोड व फुटपाथ पर दुकानदारों ने विज्ञापन बोर्ड लगा रखे थे। इसके अलावा यहां ग्रीन बेल्ट पर एक प्लॉट मालिक ने कब्जा कर रखा था। मामले में सेक्टर-सात आरडब्ल्यूए की शिकायत पर विभाग ने संबंधितों को तीन नोटिस भी भेजे थे। इसके बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए तो शुक्रवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। टीम में जेई ललित, जेई आनंद प्रकाश आदि भी मौजूद रहे।
सेक्टर-24, 25 व 53 में भी दिए नोटिस
शुक्रवार को विभाग ने सेक्टर-24, 25 व 53 में भी अतिक्रमण करने वाले लोगों को नोटिस दिया है। अतिक्रमण न हटाने पर वहां भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। शहर में विभाग की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों में अफरातफरी मची है।