लोगों ने लगाया पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह-होडल शहर का मुख्य चौक इन दिनों अव्यवस्था का शिकार हो गया है। चौक पर ऑटो यूनियन की ओर से अवैध तरीके से ऑटो स्टैंड बना दिया गया है, जिससे राहगीरों, स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राहगीरों का कहना है कि ऑटो चालकों ने पूरे चौक पर कब्जा किया हुआ है। दिनभर दर्जनों ऑटो खड़े रहने से जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में मुश्किल होती है और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
यहां रहने वाले खलील अहमद एडवोकेट का आरोप है कि ऑटो यूनियन के प्रधान की दबंगई के चलते कोई भी ऑटो चालक चौक से हटने को तैयार नहीं है। कई बार पुलिस को लिखित व मौखिक रूप से शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। खलील ने पुलिस पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं। दुकानदारों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। शहरवासियों की मांग है कि अवैध ऑटो स्टैंड को तुरंत हटाकर चौक पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।