राजस्थान के भरतपुर से पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। युवक को निवेश पर मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना पर दबिश देकर आरोपियों को राजस्थान भरतपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अलवर, राजस्थान के बेलेटा गांव निवासी रिंकू और रविंद्र के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर 16 सितंबर को साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि उनके पास एक व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम नौकरी का मैसेज आया था। उन्होंने मैसेज भेजने वाले से बात की तो उसने बताया कि पार्ट टाइम में वह टास्क पूरे करने और निवेश करने से मुनाफा कमा सकता है। ठगों ने उनसे निवेश कराने के नाम पर रुपये ठग लिए। पूछताछ में आरोपियों से पता चला कि पीड़ित से ठगी गई राशि में से 30 हजार रुपये आरोपी रिंकू के बैंक खाते में गए थे। आरोपी रिंकू ने यह बैंक खाता आरोपी रविंद्र को पांच हजार रुपये में बेचा था। आरोपी रविंद्र ने यह बैंक खाता 10 हजार रुपये में अन्य युवक को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। अकाउंट बेचने से आए रुपये को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर एप्पल कंपनी का मोबाइल खरीद लिया था। पुलिस ने वह मोबाइल जब्त कर लिया है।