गुरुग्राम। यातायात पुलिस अब वाहनों पर लगी नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं दिखाई देने पर चालान करेगी। वाहनों की नंबर प्लेट पर चुन्नी, स्टीकर आदि लगा होने से नंबर दिखाई नहीं देते। इससे ऑनलाइन कैमरों से चालान कटने में समस्या आ रही है। डीसीपी ट्रैफिक ने सभी यातायात पुलिस कर्मियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। सोमवार से अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर एक हजार रुपये का ऑनलाइन चालान होगा।
सड़कों पर फर्राटा भरने वाले कई वाहन ऐसे यातायात पुलिस के निशाने पर आए हैं जो नंबर प्लेट पर आगे की ओर चुन्नी, स्टीकर, आदि लगाकर चलते हैं। नियम तोड़ने के बाद ऐसे वाहन चालक आसानी से फरार हो जाते हैं। ऐसे नंबरों के सही से दिखाई नहीं देने के कारण पकड़ने और कार्रवाई करने में काफी दिक्कत आती है। सोमवार यानी 24 जनवरी से यातायात पुलिस ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करेगी। सभी एसीपी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत अन्य यातायात कर्मियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। डीसीपी ट्रैफिक आरएस तोमर ने बताया कि जिस भी वाहन के आगे और पीछे स्पष्ट रूप से नियमानुसार नंबर प्लेट नहीं लगी पाई जाती है या उस पर चुन्नी, स्टीकर, किसी प्रकार का लोगो लगा मिलता है, ऐसे वाहनों के चालान किए जाएंगे। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एक हजार रुपये का चालान किया जाएगा।
ऑनलाइन चालान कटने में आ रही है दिक्कत
ओवर स्पीड पर चलने, यातायात नियम तोड़ने वाले ऐसे वाहनों का ऑनलाइन चालान कटने में काफी दिक्कत आ रही है। नंबर सही से दिखाई नहीं पड़ने के कारण फोटो तो खिंच जाती है, लेकिन नंबर पढ़ने में समस्या आती है। इससे ऐसे वाहनों का चालान भी नहीं कट पाता है। सख्ती होने से यातायात पुलिस को निजात मिलेगी।