गुरुग्राम। गांव शिकोहपुर मोड़ से राज्य सतर्कता ब्यूरो ने पांच लाख रुपये की रिश्वत ले रहे हवलदार अमित कुमार को सोमवार रात को रंगेहाथ पकड़ा है। हवलदार ने यह राशि खेड़कीदौला थाना प्रभारी के लिए लेने का खुलासा किया है। फिलहाल टीम ने हवलदार को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के लिए रिश्वत लेने की सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी हवलदार व थाना प्रभारी को राज्य सतर्कता ब्यूरो द्वारा पकड़े जाने की पुष्टि कर रहे हैं, लेकिन इससे अधिक जानकारी देने से बच रहे हैं।
े
राज्य सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक, कार्यालय को शिकायत मिली थी कि खेड़कीदौला थाना प्रभारी द्वारा विभिन्न कार्यों के लिए कई स्थानों से रिश्वत ली जा रही है। इस मामले में राज्य सतर्कता ब्यूरो फरीदाबाद की टीम ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी को पकड़ने के लिए शिकोहपुर पहुंची टीम ने हवलदार अमित कुमार को पांच लाख रुपये लेते हुए काबू कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में हवलदार ने बताया कि यह राशि वह खेड़कीदौला थाना प्रभारी के लिए एकत्र करता है। एसीपी सदर अमन यादव ने बताया कि यह कार्रवाई किस व्यक्ति की शिकायत पर की गई है व यह राशि किस व्यक्ति से किस मामले में ली जा रही थी इसकी जानकारी नहीं मिली है।